धमतरी। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को धमतरी जिला मुख्यालय स्थित हरदिहा साहू समाज भवन, रत्नाबांधा रोड में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में कुरूद विधायक अजय चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर योग के महत्व पर अपने विचार रखेंगे और सामूहिक योगाभ्यास में भाग लेंगे।
राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा सभी जिलों में होने वाले योग दिवस कार्यक्रमों के लिए मुख्य अतिथियों का नामांकन किया गया है। इसी क्रम में धमतरी जिले के लिए विधायक अजय चंद्राकर को नामित किया गया है। कलेक्टर अविनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन के सफल संचालन के लिए जिला आयुष अधिकारी डॉ. कृपाराम ठाकुर को नोडल अधिकारी तथा उप संचालक समाज कल्याण विभाग को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।
कार्यक्रम में प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों द्वारा सामान्य योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया जाएगा। इसका उद्देश्य नागरिकों को स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। जिला प्रशासन ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। प्रशासन का मानना है कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो स्वस्थ और संतुलित जीवन का मार्ग प्रशस्त करता है।
