मुंबई। अभिनेत्री आलिया भट्ट और शरवरी वाघ की बहुप्रतीक्षित स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘अल्फा’ का टीज़र 10 जून को रिलीज़ हुआ था। टीज़र सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई यूज़र्स ने सवाल उठाए कि फिल्म की दूसरी मुख्य अभिनेत्री शरवरी वाघ वीडियो में दिखाई क्यों नहीं दीं। अब इस चर्चा पर आलिया भट्ट ने अपने अंदाज़ में मज़ेदार प्रतिक्रिया दी है। आलिया भट्ट ने 17 जून को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शरवरी वाघ के साथ कुछ बिहाइंड-द-सीन्स तस्वीरें साझा कीं। तस्वीरों में दोनों अभिनेत्रियां सफेद टी-शर्ट में नजर आ रही हैं, जिस पर फिल्म ‘अल्फा’ का नाम लिखा हुआ है। दोनों सेट पर मस्ती भरे अंदाज़ में पोज़ देती दिखाई दीं।
पोस्ट के साथ आलिया ने मज़ाकिया कैप्शन लिखा, “शरवरी कहाँ है?”। यह कैप्शन सीधे तौर पर उन चर्चाओं पर तंज था, जो टीज़र में शरवरी की गैर-मौजूदगी को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही थीं। आलिया की पोस्ट पर शरवरी वाघ ने भी मज़ेदार अंदाज़ में जवाब दिया। उन्होंने कमेंट करते हुए लिखा, “हाज़िर हूँ मिस!!!”। दोनों अभिनेत्रियों की यह हल्की-फुल्की बातचीत फैंस को काफी पसंद आई और पोस्ट तेजी से वायरल हो गई। सोशल मीडिया यूज़र्स ने भी इस पर जमकर प्रतिक्रिया दी। एक यूज़र ने लिखा, “कैप्शन बिल्कुल परफेक्ट है।” वहीं दूसरे ने कहा, “आखिरकार अल्फा गर्ल्स एक साथ नजर आ गईं।” कई फैंस ने दोनों अभिनेत्रियों की जोड़ी की तारीफ करते हुए फिल्म के लिए अपनी उत्सुकता भी जाहिर की।
