कोरबा। जिले के कटघोरा क्षेत्र में करंट लगने से 10 माह के एक मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब बच्चा घर में खेलते-खेलते कूलर के संपर्क में आ गया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार, जटगा मोड़ (कसनिया) निवासी अमर सिंह का इकलौता बेटा दक्ष घर में खेल रहा था। इसी दौरान वह ऐसे कूलर के संपर्क में आ गया, जिसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। करंट लगते ही परिजन तत्काल उसे गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
अस्पताल में डॉक्टरों ने देर रात जांच के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की और शव परिजनों को सौंप दिया। मासूम की असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
