प्रोफेसर पर अश्लील मैसेज भेजने का आरोप, कॉलेज पहुंची युवती ने की मारपीट; वीडियो वायरल

Follow Us

रायगढ़। जिले के लैलूंगा क्षेत्र स्थित शासकीय महाविद्यालय कुंजारा के एक प्रोफेसर पर पड़ोस में रहने वाली युवती ने अश्लील संदेश भेजने और संबंध बनाने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। आरोपों से नाराज युवती अपने होने वाले पति के साथ कॉलेज पहुंची, जहां दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान युवती ने प्रोफेसर के साथ मारपीट की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, प्रोफेसर रेमन भार्गव पर युवती ने आरोप लगाया है कि वह पिछले करीब डेढ़ वर्ष से व्हाट्सएप और टेलीग्राम के माध्यम से कथित तौर पर आपत्तिजनक संदेश भेज रहे थे और संबंध बनाने के लिए दबाव डाल रहे थे। युवती का कहना है कि इन घटनाओं से वह लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान थी।

कॉलेज परिसर में हुए विवाद के दौरान युवती ने प्रोफेसर को थप्पड़ मार दिए। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में प्रोफेसर की पत्नी भी मौजूद दिखाई देती हैं।

युवती ने कहा कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह कानूनी लड़ाई जारी रखेगी। साथ ही उसने अन्य पीड़ित महिलाओं से भी आगे आने और उसका समर्थन करने की अपील की है। वहीं, लैलूंगा थाना प्रभारी गिरधारी साव ने बताया कि युवती की ओर से प्रोफेसर के खिलाफ शिकायत दी गई थी। हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो जाने के कारण मामले में आगे कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।