सीजी पुलिस ट्रान्सफर: बलरामपुर पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 125 अधिकारी-कर्मचारियों के बदले गए तैनाती स्थल

Follow Us

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने जिले में कार्य व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से 125 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों के तबादले का आदेश जारी किया है। जारी आदेश के अनुसार, जिले के अलग-अलग थाना और चौकी क्षेत्रों में पदस्थ पुलिसकर्मियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसमें 10 सहायक उप निरीक्षक (एएसआई), 15 प्रधान आरक्षक, 85 आरक्षक और 15 महिला आरक्षकों का स्थानांतरण शामिल है।

तबादला आदेश के तहत बलरामपुर, रामानुजगंज, राजपुर, शंकरगढ़, चलगली, कुसमी, सनावल सहित कई थाना क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की नई पदस्थापना की गई है। विभाग का कहना है कि यह बदलाव प्रशासनिक जरूरतों और पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए किया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात कर्मचारियों के कार्यस्थल में बदलाव किया गया है, ताकि जिले में कानून व्यवस्था को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सके। विभाग की ओर से जारी आदेश में सभी स्थानांतरित अधिकारियों और कर्मचारियों को नई पदस्थापना स्थल पर जल्द कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं। तबादला सूची पुलिस विभाग द्वारा जारी कर दी गई है।