पटना की नई पहचान ‘पाटलिपुत्र’: नई टाउनशिप को मिलेगा ऐतिहासिक नाम, सीएम सम्राट चौधरी ने किया ऐलान

Follow Us

पटना। बिहार की राजधानी पटना के विकास को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। राजधानी में विकसित की जा रही नई टाउनशिप का नाम अब ‘पाटलिपुत्र’ रखा जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि यह कदम शहर की गौरवशाली ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने की दिशा में उठाया गया है।

फुलवारीशरीफ के नदियावां गांव में आयोजित प्रखंड सहयोग सह जनकल्याण शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि, कई लोग पटना का नाम बदलने की मांग कर रहे थे, लेकिन सरकार ने इससे आगे बढ़कर नई टाउनशिप को ही पाटलिपुत्र नाम देने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि, सरकार ‘बड़े पटना’ की परिकल्पना पर काम कर रही है। नई टाउनशिप के विकसित होने से राजधानी का विस्तार होगा और यहां आवास, व्यापार तथा अन्य आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

गौरतलब है कि, पटना का प्राचीन इतिहास बेहद समृद्ध रहा है। प्राचीन काल में यह शहर मगध साम्राज्य की राजधानी पाटलिपुत्र के नाम से प्रसिद्ध था। इसी ऐतिहासिक पहचान को ध्यान में रखते हुए नई टाउनशिप का नाम रखा गया है। सरकार का मानना है कि, यह परियोजना राजधानी के आधुनिक विकास और पुरातन विरासत, दोनों को जोड़ने का काम करेगी।