रायपुर। कमरे से आई चीखों ने होटल स्टाफ को चौकन्ना कर दिया। जब खिड़की तोड़कर अंदर देखा गया तो युवती लहूलुहान पड़ी थी, जबकि युवक खुद पर चाकू से वार कर रहा था। रायपुर के गंज थाना क्षेत्र की इस सनसनीखेज घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
रायपुर के झूलेलाल चौक स्थित होटल बंसल पैराडाइज में शुक्रवार, 14 अगस्त 2026 को एक युवती की हत्या का मामला सामने आया। पुलिस के अनुसार होटल के तीसरे तल के कमरे में किशन कुमार भारद्वाज (26), निवासी दशवंतपुर गोसाईंपुर, वाराणसी (उत्तर प्रदेश) और रीमन मंडावी, निवासी तारमटोला, जिला मोहला-मानपुर, ठहरे हुए थे। दोनों ने अलग-अलग समय पर अपने पहचान पत्र प्रस्तुत कर होटल में चेक-इन किया था। दोपहर करीब 3 से 3:15 बजे के बीच कमरे से युवती के चीखने की आवाज सुनकर होटल कर्मचारी पहुंचे और खिड़की से अंदर झांकने पर युवक को अपने गले पर चाकू से वार करते देखा।
सूचना मिलते ही गंज थाना प्रभारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कमरे के भीतर युवती और युवक दोनों गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। दोनों को तत्काल 108 एंबुलेंस से मेकाहारा अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने रीमन मंडावी को मृत घोषित कर दिया। घायल किशन कुमार भारद्वाज का ऑपरेशन किया गया और उसका उपचार जारी है। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी किशन कुमार भारद्वाज के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
Read more:- सशस्त्र बलों के 78 रणबांकुरों को वीरता पुरस्कार,नौ को कीर्ति चक्र ,19 को शौर्य चक्र
जांच में सामने आया कि मृतका रीमन मंडावी लाभांडी स्थित कृषि विश्वविद्यालय में एमएससी (एक्सटेंशन) प्रथम वर्ष की छात्रा थी, जबकि आरोपी युवक सशस्त्र बलों में भर्ती की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने दोनों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और फॉरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया है।
फिलहाल, पुलिस पूरे घटनाक्रम की हर कड़ी की जांच कर रही है। फॉरेंसिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी तथ्यों के आधार पर मामले की विवेचना आगे बढ़ाई जा रही है। आरोपी का इलाज जारी होने के कारण उससे पूछताछ स्वास्थ्य में सुधार के बाद की जाएगी।
