महानदी में दो बच्चों की जान बचाकर खुद शहीद हुआ युवक, अगली सुबह नदी किनारे मिला शव

Follow Us

अभनपुर। गोबरा नवापारा के नेहरू घाट स्थित महानदी में दो बच्चों की जान बचाने के दौरान डूबे युवक का शव रविवार तड़के नदी किनारे शनि मंदिर के पीछे बरामद हुआ। शनिवार को हुए इस हादसे के बाद SDRF की टीम और स्थानीय गोताखोरों ने देर शाम तक तलाश अभियान चलाया था, लेकिन अंधेरा होने के कारण सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया। रविवार सुबह शव नदी किनारे बहकर मिलने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, गोबरा नवापारा के इंदिरा मार्केट निवासी प्रदीप कश्यप (35) शनिवार दोपहर अपनी पत्नी के साथ नेहरू घाट पहुंचे थे। उनकी पत्नी नदी किनारे मौजूद थीं। इसी दौरान नदी में नहा रहे दो बच्चे गहरे पानी में फंसकर डूबने लगे। बच्चों को संकट में देख प्रदीप कश्यप बिना देर किए नदी में कूद पड़े।

प्रदीप ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन खुद तेज बहाव और गहरे पानी की चपेट में आ गए। देखते ही देखते वे नदी में लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस, SDRF की टीम और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। कई घंटों तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा।

रविवार तड़के किसी नए सर्च अभियान के शुरू होने से पहले ही प्रदीप कश्यप का शव गोबरा नवापारा क्षेत्र में शनि मंदिर के पीछे नदी किनारे बहकर आ गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। अपनी जान की परवाह किए बिना दो मासूम बच्चों की जिंदगी बचाने वाले प्रदीप कश्यप की बहादुरी और मानवता की लोग सराहना कर रहे हैं।