शादीशुदा महिला से मिलने पहुंचे युवक की टंगिया से हत्या, पति ने आपत्तिजनक हालत में पकड़कर उतारा मौत के घाट

Follow Us

धमतरी। जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बाजार कुर्रीडीह में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक विवाहित महिला से मिलने मध्य प्रदेश के मंदसौर से पहुंचे युवक की महिला के पति ने टंगिया से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के मंदसौर निवासी शंकर सूर्यवंशी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शंकर की करीब एक वर्ष पहले मोबाइल फोन के जरिए गांव की एक विवाहित महिला से जान-पहचान हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए।

बताया जा रहा है कि बुधवार को शंकर महिला से मिलने धमतरी पहुंचा और रात में उसके घर पर ही रुका हुआ था। इसी दौरान महिला के पति ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। गुस्से में उसने टंगिया से शंकर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही केरेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।