महाराष्ट्र में बड़ा खतरा टला: नदी में बहे 3000 एलपीजी सिलेंडर, प्रशासन ने लोगों को किया अलर्ट

Follow Us

रायगढ़। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में भारी बारिश के कारण एक गंभीर स्थिति पैदा हो गई, जब HPCL के पातालगंगा LPG बॉटलिंग प्लांट से करीब 3,000 गैस सिलेंडर बहकर नदी में पहुंच गए। घटना के बाद इलाके में चिंता का माहौल है और प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।

जानकारी के मुताबिक, लगातार बारिश के कारण प्लांट परिसर में पानी भर गया और तेज बहाव के चलते वहां रखे सिलेंडर पातालगंगा नदी में बह गए। इनमें कुछ सिलेंडर भरे हुए बताए जा रहे हैं, जबकि कुछ खाली हैं। नदी में बहते सिलेंडरों के वीडियो स्थानीय लोगों ने रिकॉर्ड किए, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। घटना के बाद नदी किनारे रहने वाले ग्रामीणों में डर का माहौल बन गया। लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठाए और चिंता जताई कि अगर सिलेंडर आपस में टकराते या किसी तरह की दुर्घटना होती तो बड़ा नुकसान हो सकता था।

प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लोगों से अपील की है कि नदी या आसपास के इलाकों में मिले किसी भी सिलेंडर को खुद न उठाएं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि सिलेंडर में गैस हो सकती है या वह असुरक्षित स्थिति में हो सकता है। जिलाधिकारी ने नागरिकों से कहा है कि मिले हुए सिलेंडरों की जानकारी तुरंत प्रशासन या HPCL के अधिकृत अधिकारियों को दें। फिलहाल प्रशासन और कंपनी की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।