दुर्ग। छत्तीसगढ़ के भिलाई में एक युवक की आत्महत्या का मामला सामने आया है। आकाशगंगा स्थित हिमालय कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में बने सार्वजनिक शौचालय में 20 वर्षीय युवक का शव फंदे पर लटका मिला। बताया जा रहा है कि युवक कुछ देर पहले ही कॉम्प्लेक्स की एक मोबाइल दुकान से किस्तों पर आईफोन खरीदकर निकला था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान निहाल सिंह (20) के रूप में हुई है। शनिवार शाम करीब 4:30 बजे वह हिमालय कॉम्प्लेक्स की एक मोबाइल दुकान पर पहुंचा था। यहां उसने किस्तों पर आईफोन खरीदने की प्रक्रिया पूरी की। दुकान संचालक के अनुसार, मोबाइल खरीदने के बाद युवक के पास किसी का फोन आया। बातचीत करने के बाद वह कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट की ओर चला गया। कुछ समय बाद बेसमेंट के सार्वजनिक शौचालय में युवक के फांसी लगाने की सूचना सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची सुपेला पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर अस्पताल के शवगृह में भिजवाया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है।
एआई की मदद से बनाया कलेक्टर का फर्जी आदेश, जप्त बाइक छुड़ाने पहुंचे दो आरोपी गिरफ्तार
फोन पर बातचीत के बाद बेसमेंट में गया था युवक
दुकान संचालक के मुताबिक, आईफोन खरीदने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निहाल के पास एक फोन आया था। बताया गया कि वह सोशल मीडिया से संबंधित किसी विषय पर बातचीत कर रहा था। हालांकि, फोन पर हुई बातचीत और युवक के इस कदम के बीच कोई संबंध है या नहीं, इसकी फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है।
आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं, पुलिस कर रही जांच
युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसका कारण अभी सामने नहीं आया है। सुपेला पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फोन कॉल और अन्य परिस्थितियों सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
