क्रेडिट कार्ड की लिमिट खत्म होने के बाद भी कर सकेंगे खर्च! जानें क्या है ओवरलिमिट सुविधा, फायदे और बड़े जोखिम

Follow Us

नई दिल्ली। आज के दौर में क्रेडिट कार्ड लोगों की आर्थिक जरूरतों का अहम हिस्सा बन चुका है। ऑनलाइन खरीदारी से लेकर यात्रा और मेडिकल खर्चों तक इसका इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। लेकिन कई बार अचानक ऐसा खर्च सामने आ जाता है, जब कार्ड की तय लिमिट कम पड़ जाती है। ऐसी स्थिति में क्रेडिट कार्ड की ओवरलिमिट सुविधा मददगार साबित हो सकती है।

ओवरलिमिट सुविधा के जरिए कार्डधारक अपनी तय क्रेडिट लिमिट से कुछ अधिक खर्च कर सकता है। हालांकि, यह आपकी स्थायी लिमिट में बढ़ोतरी नहीं होती, बल्कि बैंक की अनुमति से मिलने वाली अस्थायी अतिरिक्त सुविधा होती है। इसे इस्तेमाल करने के लिए आमतौर पर बैंक की मंजूरी और ग्राहक की सहमति जरूरी होती है। यह सुविधा मेडिकल इमरजेंसी, अचानक यात्रा, दुर्घटना या जरूरी घरेलू मरम्मत जैसे हालात में राहत दे सकती है। इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि मुश्किल समय में तुरंत भुगतान की व्यवस्था हो जाती है।

लेकिन ओवरलिमिट सुविधा के साथ अतिरिक्त खर्च भी जुड़े होते हैं। बैंक इस पर ओवरलिमिट फीस, ब्याज और टैक्स वसूल सकते हैं। कई मामलों में यह शुल्क काफी अधिक हो सकता है। इसके अलावा ज्यादा क्रेडिट इस्तेमाल करने से क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेशियो बढ़ सकता है, जिसका असर क्रेडिट स्कोर पर पड़ सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, ओवरलिमिट सुविधा को केवल जरूरत और आपात स्थिति में ही इस्तेमाल करना बेहतर है। इसे लेने से पहले बैंक के शुल्क, ब्याज दर और भुगतान क्षमता की अच्छी तरह जांच जरूर करें, ताकि बाद में आर्थिक बोझ न बढ़े।