जगदलपुर। शहर के संजय मार्केट के पास स्थित मोती ज्वेलर्स में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। ग्राहक बनकर दुकान पहुंचीं महिलाओं ने दुकानदार को बातों में उलझाकर एक किलोग्राम से अधिक सोने के आभूषणों से भरा डिब्बा पार कर दिया। चोरी हुए जेवरों की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 74 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जगदलपुर में कैसे हुई लाखों की चोरी?
जानकारी के मुताबिक, आरोपी महिलाएं अपने साथ बच्चों को लेकर मोती ज्वेलर्स पहुंची थीं। उन्होंने आभूषण देखने के बहाने दुकानदार को बातचीत में उलझाए रखा। इसी दौरान दुकानदार का ध्यान दूसरी ओर जाते ही एक महिला ने सोने के गहनों से भरा डिब्बा उठाकर अपने झोले में रख लिया। इसके बाद सभी महिलाएं बच्चों के साथ दुकान से बाहर निकल गईं। दुकानदार को चोरी का पता चलने तक आरोपी वहां से फरार हो चुकी थीं।
1.74 करोड़ के जेवरों का होगा मूल्यांकन
दुकान संचालक के अनुसार, चोरी हुए डिब्बे में एक किलोग्राम से अधिक वजन के सोने के आभूषण थे, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत 1 करोड़ 74 लाख रुपये से ज्यादा है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी गए जेवरों की वास्तविक मात्रा और कीमत का आधिकारिक आकलन अभी बाकी है। इसके लिए दुकान मालिक से आभूषणों के बिल मांगे गए हैं। बिलों के मिलान के बाद ही सही मूल्य का पता चल सकेगा।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपी महिलाओं और उनके साथ आए बच्चों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि आरोपी स्थानीय हैं या किसी बाहरी गिरोह से जुड़ी हैं। कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
