मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। जिले के भरतपुर विकासखंड से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। भरतपुर के कोटाडोल थाना क्षेत्र के ग्राम करचा में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई और कथित धमकी से महिला मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गई थी, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम करचा में हुए एक आपसी विवाद के बाद दोनों पक्ष कोटाडोल थाना पहुंचे थे। आरोप है कि थाना में पुलिस के अमर्यादित व्यवहार और चालानी कार्रवाई की चेतावनी के बाद महिला काफी भयभीत हो गई थी। परिजनों का कहना है कि थाना से लौटने के बाद वह पूरी रात तनाव में रही और लगातार रोती रही। अगले दिन सुबह महिला घर से निकली और पास के जंगल में जाकर फांसी लगा ली।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक के साथ-साथ आक्रोश भी फैल गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करने लगे।
