नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से ठगी, आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

डोंगरगढ़। नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला से लाखों रुपये की धोखाधड़ी की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, ग्राम अछोली निवासी 33 वर्षीय महिला ने थाना डोंगरगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि नवंबर 2025 में आशीष पुर्ती और उसके एक साथी ने उसे एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में काउंसलर पद पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसके बदले आरोपियों ने कुल 4 लाख रुपये की मांग की और एडवांस के रूप में 2 लाख रुपये ले लिए। पीड़िता के मुताबिक, रकम लेने के बाद आरोपियों ने न तो नौकरी दिलाई और न ही पैसे लौटाए। लंबे समय तक टालमटोल के बाद सच्चाई सामने आने पर महिला ने पुलिस में शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी आशीष पुर्ती (43 वर्ष), निवासी डोंगरगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। उसे 14 अप्रैल 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नौकरी के नाम पर किसी भी अनजान व्यक्ति को पैसे न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।