वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह: केल्हारी परिक्षेत्र में निकली जागरूकता बाइक रैली

Follow Us

एमसीबी। वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के तहत वनमंडल मनेंद्रगढ़ के केल्हारी वन परिक्षेत्र में रविवार को जन-जागरूकता बाइक रैली निकाली गई। रैली के जरिए ग्रामीणों को वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा, मानव-वन्यप्राणी सह-अस्तित्व और प्राकृतिक रहवास बचाने के महत्व की जानकारी दी गई। वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और चौकीदारों ने विभिन्न गांवों में पहुंचकर लोगों से संवाद किया और वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने की अपील की। कार्यक्रम वनमंडलाधिकारी और उप वनमंडलाधिकारी के मार्गदर्शन तथा वन परिक्षेत्राधिकारी केल्हारी के निर्देशन में आयोजित किया गया।

रैली ग्राम कछौड़ से शुरू होकर पहाड़ हंसवाही, मांझीडांड, रोझी, दुगला, केल्हारी, चरवाही, डोंडकी, ढाबा, बहेराटोला और नवाटोला होते हुए तिलोखन पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। इस दौरान वन अमले ने ग्रामीणों को विशेष रूप से हाथियों से जुड़े सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। समझाया गया कि हाथी दिखाई देने पर उनके करीब जाने, उन्हें छेड़ने या पटाखे फोड़कर भगाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। हाथियों की गतिविधि की सूचना मिलने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखने और वन विभाग के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई, ताकि किसी तरह की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की स्थिति न बने।

वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के तहत जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा। केल्हारी के महाविद्यालय और स्वामी आत्मानंद विद्यालय में छात्र-छात्राओं के लिए भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण संतुलन, मानव-वन्यप्राणी सह-अस्तित्व और वन संपदा की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर जानकारी दी जाएगी। वन विभाग का उद्देश्य ग्रामीणों और विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाकर वन एवं वन्यजीवों के संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित करना है।