प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने की पति की हत्या, शव के तीन टुकड़े कर जंगल में फेंका

Follow Us

11 महीने बाद नवी मुंबई पुलिस ने सुलझाया सनसनीखेज हत्याकांड, पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार

नवी मुंबई। महाराष्ट्र के नवी मुंबई जिले में करीब 11 महीने पहले हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। रबाले एमआईडीसी पुलिस ने ऐरोली के यादव नगर निवासी  बलीराम सूर्यनाथ कुशवाह (50) की हत्या के आरोप में उनकी पत्नी सुनीता कुशवाह (40)  और उसके कथित प्रेमी  राहुल दशरथ प्रजापति (30)  को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों ने अवैध संबंधों में बाधा बनने पर बलीराम की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।

जांच में सामने आया कि 9 अगस्त 2025 की रात दोनों आरोपियों ने घर में सो रहे बलीराम का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव के तीन टुकड़े किए, उन्हें अलग-अलग बोरियों और चादर में लपेटा और राहुल के ऑटो रिक्शा से गवली देव पहाड़ी के जंगल में ले जाकर अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया।

पुलिस के मुताबिक, बलीराम अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ यादव नगर में रहते थे। इसी दौरान सुनीता के घणसोली निवासी रिक्शा चालक राहुल प्रजापति से प्रेम संबंध बन गए। जब बलीराम को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने इसका विरोध किया। इसके बाद दोनों ने हत्या की योजना बनाई। वारदात से पहले बच्चों को दो दिनों के लिए रिश्तेदार के घर भेज दिया गया था।

हत्या के बाद सुनीता ने यादव नगर स्थित मकान किराए पर दे दिया और दोनों बच्चों के साथ राहुल के घर घणसोली में रहने लगी। करीब आठ महीने तक उसने परिजनों को यह कहकर गुमराह किया कि बलीराम घर छोड़कर कहीं चले गए हैं।

अप्रैल 2026 में रबाले एमआईडीसी पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद जांच शुरू हुई। पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के दौरान सामने आए विरोधाभासी बयानों के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। अलग-अलग पूछताछ में दोनों ने हत्या की साजिश और वारदात कबूल कर ली।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस गवली देव पहाड़ी क्षेत्र में मृतक के अवशेषों की तलाश कर रही है। हालांकि घटना को लगभग 11 महीने बीत जाने के कारण अवशेषों की बरामदगी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है। अदालत ने दोनों आरोपियों को सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।