रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 19 सितंबर से 23 सितंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे मौसमी सिस्टम के प्रभाव से राज्य में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में मानसून की गतिविधियां ज्यादा सक्रिय नहीं हैं।
पिछले 24 घंटे में कई जिले सूखे रहे, जबकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। उत्तर थाईलैंड के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण 18 सितंबर की शाम तक उत्तर अंडमान सागर पहुंच सकता है। इसके प्रभाव से 19 सितंबर की शाम उत्तर अंडमान सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने का अनुमान है। मौसम प्रणाली के अगले तीन-चार दिनों में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़कर दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र तट की ओर जाने की संभावना है।
इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में नमी बढ़ेगी और बारिश की गतिविधियों में तेजी आ सकती है। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से बारिश नहीं होने के कारण प्रदेश में उमस और गर्मी बढ़ी हुई है। कई इलाकों में दिन का तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। बारिश होने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
