रायपुर। प्रदेश में अब बारिश का दौर थमता नजर आ रहा है और मानसून की वापसी के लिए मौसम अनुकूल होता जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटे में छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई हो सकती है। फिलहाल राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ है। आने वाले दिनों में दिन का तापमान गर्म रह सकता है, जबकि रात के समय धीरे-धीरे ठंडक बढ़ने लगेगी। हालांकि दो दिन बाद कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है।
रायपुर में 4 अक्टूबर को आसमान ज्यादातर साफ रहने की संभावना है। राजधानी में दिन का तापमान करीब 34 डिग्री और रात का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। फिलहाल मौसम विभाग ने प्रदेश के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं हुई। इस दौरान रायपुर के आसपास अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री रहा, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार मानसून की वापसी की रेखा लगातार आगे बढ़ रही है। अगले 2 से 3 दिनों में छत्तीसगढ़ के साथ मराठवाड़ा, विदर्भ, तेलंगाना और कर्नाटक से भी मानसून की वापसी के लिए स्थितियां बनने की संभावना है। उत्तर प्रदेश और बिहार के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी बना हुआ है। मानसून की विदाई के बाद अक्टूबर में दिन गर्म और रातें अपेक्षाकृत ठंडी होने लगेंगी। नवंबर के शुरुआती दिनों में रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के आंकड़ों में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बारिश का अंतर भी सामने आया है। बलरामपुर में 1556.6 मिलीमीटर बारिश हुई, जो औसत का 165.3 प्रतिशत है और वर्षा प्रतिशत के हिसाब से राज्य में सबसे ज्यादा है। कुल बारिश की मात्रा में नारायणपुर 1720.2 मिलीमीटर के साथ सबसे आगे रहा। इसके विपरीत बेमेतरा में 674.9 मिलीमीटर यानी 80.4 प्रतिशत बारिश दर्ज हुई। रायपुर में 1307.4 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 135.4 प्रतिशत अधिक है। गरियाबंद में 1463.7 मिमी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 1181.4 मिमी, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 1216.9 मिमी और बालोद में 1311.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
