UN महासभा के बाद अमेरिका ने दो ईरानी राजनयिकों को देश से निकाला

Follow Us

वॉशिंगटन। संयुक्त राष्ट्र महासभा में हिस्सा लेने के लिए अमेरिका पहुंचे ईरान के दो राजनयिकों को महासभा खत्म होने के बाद देश से बाहर भेज दिया गया। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, दोनों को अमेरिका छोड़ने के लिए पहले ही कहा गया था, लेकिन वे तय समय के बाद भी न्यूयॉर्क में मौजूद रहे। इसके बाद दोनों को अमेरिका से रवाना कर दिया गया। बताया गया कि एक राजनयिक शुक्रवार रात और दूसरे ने शनिवार सुबह न्यूयॉर्क छोड़ दिया।

अमेरिकी विदेश विभाग की ओर से ईरानी मिशन को निर्देश दिया गया था कि महासभा में शामिल होने आए प्रतिनिधिमंडल के सदस्य कार्यक्रम खत्म होने के बाद अमेरिका से रवाना हो जाएं। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि विदेश मंत्री मार्को रुबियो के निर्देश के बावजूद दो ईरानी प्रतिनिधि न्यूयॉर्क में रुके रहे। आदेश का पालन नहीं होने पर उनके खिलाफ देश छोड़ने की कार्रवाई की गई।

यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ा हुआ है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की सैन्य और आर्थिक स्थिति को बेहद कमजोर बताते हुए संघर्ष जल्द खत्म होने की बात कही है। वहीं, दो ईरानी राजनयिकों को बाहर किए जाने की घटना से दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव की स्थिति और स्पष्ट हो गई है।