जांजगीर-चांपा। लगातार बारिश के बाद महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। शिवरीनारायण के शबरी पुल के ऊपर करीब 6 फीट पानी बहने से जांजगीर से शिवरीनारायण का संपर्क बाधित हो गया है। नदी का पानी आसपास के इलाकों में फैलने से बिलासपुर रोड और केरा रोड पर भी जलभराव हो गया। निचली बस्तियों में पानी पहुंचने के बाद प्रभावित परिवारों को सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट किया गया है। वार्ड नंबर एक के लोगों को सांस्कृतिक भवन में ठहराया गया है, जबकि मेला मैदान में भी पानी भर गया है।
जलभराव वाले इलाकों में लोगों की आवाजाही अब नाव के जरिए हो रही है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने राहत और बचाव के लिए एसडीआरएफ की टीम को तैनात किया है। टीम बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में जुटी है। प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों के लिए भोजन, पानी और रहने की व्यवस्था भी अलग-अलग स्थानों पर की गई है।
