कोरबा में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष, 50 से ज्यादा युवकों का हमला; युवती से भी मारपीट का आरोप

Follow Us

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। आरोप है कि 50 से अधिक युवक कथित तौर पर हथियारों के साथ पंप हाउस कॉलोनी पहुंचे और एक युवक व उसके साथियों पर हमला कर दिया। इस दौरान घर में घुसकर मारपीट करने और एक युवती के साथ भी अभद्रता व मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।

घटना सीएसईबी चौकी क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, 15 ब्लॉक और पंप हाउस कॉलोनी के युवकों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते बड़ी संख्या में युवक पंप हाउस कॉलोनी पहुंचे और हरीश राव व उसके साथियों के साथ मारपीट की। पीड़ित पक्ष का कहना है कि कुछ समय पहले स्कूल के पास लड़कियों से छेड़छाड़ का विरोध करने के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था, जो अब हिंसक रूप ले चुका है।

सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।