श्रीलंका की जेल में कैदियों के बीच हिंसक झड़प: 25 की मौत

Follow Us

कोलंबो। श्रीलंका में सोमवार को कैदियों के बीच हुई हिंसक झड़प में 25 लोगों की मौत हो गई। करीब 100 लोग घायल हो गए। मृतकों में जेल अधिकारियों के भी शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। इस हिंसा के बाद श्रीलंकाई सेना को मदद के लिए बुलाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति को काबू करने के लिए सेना से समर्थन मांगा। यह झड़प रविवार को शुरू हुई थी, जब दोषी कैदियों और हिरासत में रखे गए कैदियों के बीच संघर्ष हुआ। यह घटना श्रीलंका के तटीय शहर नेगोम्बो की एक अधिक भीड़भाड़ वाली जेल में हुई। रॉयटर्स ने यह जानकारी सूत्रों के हवाले से दी है। मृतकों में जेल अधिकारियों के भी शामिल होने की संभावना स्थानीय टेलीविजन चैनल हिरू के अनुसार, मृतकों में कैदी और जेल अधिकारी दोनों शामिल हैं। यह जेल कोलंबो से करीब 35 किलोमीटर उत्तर में स्थित है। झड़प किस कारण शुरू हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। लेकिन बताया जा रहा है कि सोमवार को हिंसक झड़प के दौरान कुछ कैदियों ने जेल के हथियार छीन लिए, जिसके बाद हिंसा और बढ़ गई और स्थिति घातक हो गई।

पुलिस की मदद के लिए बुलाई गई सेना
रॉयटर्स ने पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया कि जेल के कुछ हिस्सों में अभी भी तलाशी और सफाई का काम चल रहा है और मृतकों व घायलों की सही संख्या का पता लगाया जा रहा है। श्रीलंकाई सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर वारुणा गामागे ने बताया कि सेना को पुलिस की मदद के लिए बुलाया गया है। लेकिन फिलहाल वे तैयार स्थिति में हैं।

वीडियो फुटेज में क्या देखा गया?
डेराना समेत कई टेलीविजन चैनलों के वीडियो फुटेज में दिखाया गया कि एक पुलिस बस घायलों को ले जा रही है। कुछ घायल कैदी बस के फर्श पर पड़े हुए थे। जेल के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।