रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही वन विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। यह घटना धर्मजयगढ़ वन मंडल के पीडिया-तुर्रीकटरा मार्ग के बीच की है। मृतक की पहचान पीडिया गांव निवासी जहाज़ सिंह राठिया (55) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह गुरुवार को पुटु (जंगली मशरूम) निकालने के लिए जंगल गया था।
इसी दौरान उसका सामना जंगली हाथी से हो गया। हाथी ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना के बाद वन विभाग और संबंधित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं, वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों से जंगल में जाते समय सतर्क रहने की अपील की है।
