रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर ने कहा कि बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सावधानी और जागरूकता सबसे जरूरी है। उन्होंने आम उपभोक्ताओं और विद्युत कर्मियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ‘सजगता से सुरक्षा’ विषयक पुस्तिका, पोस्टर और वीडियो फिल्म का विमोचन किया। कंपनी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भीम सिंह कंवर ने कहा कि बिजली के साथ थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए हर स्तर पर सुरक्षा नियमों का पालन करना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से सुरक्षा संबंधी जागरूकता सामग्री का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विद्युत बचत के उपायों से संबंधित पोस्टर भी जारी किया गया। कंपनी की ओर से बताया गया कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए सुरक्षा और जागरूकता से जुड़ी सामग्री ‘मोर बिजली’ ऐप और वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराई गई है। जारी पुस्तिका में विद्युत दुर्घटनाओं के संभावित कारणों और उनसे बचने के जरूरी उपायों को सरल भाषा और चित्रों के माध्यम से समझाया गया है। वहीं वीडियो फिल्म में छत्तीसगढ़ी गीत के जरिए बिजली से जुड़े सुरक्षा उपायों को आम लोगों तक आसान तरीके से पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक एस.आर.बी. खंडेलवाल, एस.के. ठाकुर, ए.एम. परियल, मुख्य अभियंता राजेंद्र प्रसाद, मधुकर जामुलकर, चंद्रकला गिडवानी, महाप्रबंधक नवीन ठाकुर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
