रायपुर। झीरम घाटी मामले में अदालत के हालिया फैसले के बाद पीड़ित परिवारों और छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेताओं ने दिल्ली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। बैठक में फैसले और आगे की कानूनी प्रक्रिया को लेकर चर्चा हुई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पीड़ित परिवार और कांग्रेस फैसले से संतुष्ट नहीं हैं और मामले में आगे न्यायालयीन लड़ाई जारी रखने का निर्णय लिया गया है।
बैज ने चुनाव आयोग से जुड़े विवाद पर भी भाजपा के बयानों को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस की लड़ाई बताते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। वहीं सिमगा में गणेश विसर्जन के दौरान हुए लाठीचार्ज को लेकर उन्होंने सरकार की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए और कहा कि इस मामले में सरकार की जिम्मेदारी बनती है। बैज ने आरोप लगाया कि सरकार खुद को हिंदूवादी बताती है, लेकिन पंडालों से चंदा लेने के बावजूद पर्याप्त व्यवस्था नहीं कर पा रही है।
