मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ (HJTIHH) को लेकर चर्चा में हैं, लेकिन यह चर्चा तारीफों से ज्यादा ट्रोलिंग की वजह से हो रही है। फिल्म के नए गाने ‘वॉव’ (Wow) को लेकर सोशल मीडिया पर घमासान मचा है। इसी बीच, मशहूर कॉमेडियन समय रैना ने वरुण धवन के सामने ही गाने का ऐसा मजाक उड़ाया कि उसका वीडियो इंटरनेट पर आग की तरह फैल गया है।
दरअसल, वरुण ने इंस्टाग्राम पर समय रैना के साथ एक जिम वीडियो शेयर किया। वीडियो में वरुण को उम्मीद थी कि, समय उनके नए गाने की तारीफ करेंगे या उसे आगे बढ़ाएंगे, लेकिन समय रैना ने अपने सिग्नेचर ‘रोस्टिंग’ अंदाज में वरुण को टोकते हुए कहा- “भाई, ऐसे नहीं चलेगा गाना… अच्छा गाना बनाओ, अपने आप चलेगा यार!” समय की इस बेबाकी पर खुद वरुण भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए और उन्होंने कैप्शन में मजे लेते हुए लिखा, “क्या कमीना है वाह।” इस फनी बातचीत पर करण जौहर समेत कई सितारों ने रिएक्ट किया है।
दूसरी ओर, नेटिजन्स इस गाने को ‘2026 का सबसे वाहियात गाना’ करार दे रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि, वरुण धवन पर न तो यह आवाज सूट कर रही है और न ही उनके डांस स्टेप्स में कुछ नयापन है। कुछ फैंस ने तो यहाँ तक कह दिया कि वरुण इसमें कार्तिक आर्यन की नकल कर रहे हैं। तनिष्क बागची द्वारा कंपोज किए गए इस ट्रैक से निराश फैंस अब मांग कर रहे हैं कि मेकर्स को ‘चुनरी-चुनरी’ जैसा ओरिजिनल हिट पेश करना चाहिए था। फिलहाल, रिलीज से पहले ही वरुण की यह फिल्म अपने ‘विवादित’ म्यूजिक की वजह से जबरदस्त सुर्खियों में बनी हुई है।
