राष्ट्रपति भवन पहुंचकर पुरंदर मिश्रा ने द्रौपदी मुर्मू को दिया नुआखाई पर्व का न्योता

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान और नुआखाई पर्व को देशभर में नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है। रायपुर के भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर उन्हें रायपुर में आयोजित होने वाले नुआखाई पर्व में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया।

मुलाकात के दौरान विधायक मिश्रा ने राष्ट्रपति को छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक समरसता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने नुआखाई पर्व के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व से भी राष्ट्रपति को अवगत कराया। पुरंदर मिश्रा ने बताया कि, नुआखाई केवल नई फसल का उत्सव नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति आभार, परिवार की एकजुटता और सामाजिक भाईचारे का प्रतीक है। भगवान श्री जगन्नाथ की परंपरा से जुड़े इस पर्व का छत्तीसगढ़ में विशेष महत्व है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को नुआखाई के लिए आमंत्रित करना उनके लिए गौरव और सौभाग्य की बात है। राष्ट्रपति की उपस्थिति से रायपुर में आयोजित होने वाले इस आयोजन की गरिमा बढ़ेगी और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिल सकती है। रायपुर के श्री जगन्नाथ मंदिर में होने वाला नुआखाई आयोजन श्रद्धा, संस्कृति और सामाजिक एकता का संदेश देगा।