रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के सामने एक नया संकट खड़ा हो गया है। राज्य सेवा मुख्य परीक्षा (CGPSC Mains) और डीएलएड (D.El.Ed) द्वितीय वर्ष की परीक्षाओं की तारीखें आपस में टकरा गई हैं, जिससे सैकड़ों अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटकता नजर आ रहा है। माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) द्वारा जारी टाइमटेबल के अनुसार 8 जून 2026 को D.El.Ed द्वितीय वर्ष का पेपर निर्धारित है, जबकि CGPSC मुख्य परीक्षा भी 6 जून से 9 जून 2026 तक आयोजित होने जा रही है। ऐसी स्थिति में 8 जून को अभ्यर्थी एक साथ दोनों महत्वपूर्ण परीक्षाओं में शामिल नहीं हो सकते, जो व्यावहारिक रूप से असंभव है।

परेशान अभ्यर्थियों का कहना है कि, वर्षों की कड़ी मेहनत के बाद उन्हें CGPSC मुख्य परीक्षा में बैठने का अवसर मिला है। वहीं दूसरी ओर, अक्टूबर 2026 में राज्य में एक बड़ी शिक्षक भर्ती प्रस्तावित है, जिसमें शामिल होने के लिए D.El.Ed पास करना अनिवार्य है। यदि वे 8 जून की परीक्षा से चूकते हैं, तो शिक्षक बनने की पात्रता खो देंगे। इस गंभीर समस्या को लेकर प्रभावित अभ्यर्थियों ने सामूहिक रूप से शिक्षा मंत्री से गुहार लगाई है कि माध्यमिक शिक्षा मंडल को निर्देश देकर 8 जून की परीक्षा को आगे बढ़ाया जाए। हालांकि, सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अभ्यर्थियों की उम्मीदों को तब बड़ा झटका लगा, जब माध्यमिक शिक्षा मंडल की सचिव रेणु पिल्ले ने इस संबंध में दिए गए आवेदन पर विचार करने और परीक्षा की तारीख आगे बढ़ाने से साफ इनकार कर दिया है। अब अभ्यर्थी इस मामले में शासन स्तर से त्वरित और सकारात्मक हस्तक्षेप की उम्मीद कर रहे हैं।
