रायपुर/बीजापुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की जन कल्याणकारी नीतियों और ‘सुशासन’ का असर अब छत्तीसगढ़ के सबसे दूरस्थ और संवेदनशील अंचलों में साफ दिखने लगा है। इसी कड़ी में राज्य के बीजापुर जिले से एक बेहद गौरवशाली खबर सामने आई है। नीति आयोग द्वारा देश के आकांक्षी ब्लॉकों के लिए जारी ‘चैंपियंस ऑफ द क्वार्टर’ (अक्टूबर-दिसंबर 2025) की राष्ट्रीय रिपोर्ट में बीजापुर के उसूर ब्लॉक ने सेंट्रल जोन में पूरे देश में दूसरा स्थान हासिल कर प्रदेश का मान बढ़ाया है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उसूर ब्लॉक के नागरिकों, जिला प्रशासन और जमीनी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को बधाई दी। सीएम साय ने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं को पहुंचाना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। यह सफलता मितानिन बहनों, एएनएम और डॉक्टरों के अटूट समर्पण का परिणाम है, और अब हमारा अगला लक्ष्य देश में पहला स्थान हासिल करना है। जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने भी इसे बस्तर के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि कभी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरसने वाला उसूर आज देश के लिए विकास का मॉडल बन गया है।
इन पैमानों पर खरा उतरा उसूर: नीति आयोग ने स्वास्थ्य और सामाजिक विकास के कड़े मानकों पर यह मूल्यांकन किया था। इसमें उसूर ब्लॉक ने मलेरिया व डेंगी जैसे संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण, संस्थागत प्रसव (सुरक्षित मातृत्व) में रिकॉर्ड बढ़ोतरी, बच्चों के सशक्त टीकाकरण और गांव-गांव तक बीपी, शुगर व कैंसर की मुफ्त जांच जैसी स्वास्थ्य सुविधाओं को पहुंचाकर यह मुकाम हासिल किया है। कलेक्टर विश्वदीप के नेतृत्व में प्रशासन ने अब आगामी तिमाहियों में देश में प्रथम स्थान हासिल करने के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
