25 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

सारंगढ़-बिलाईगढ़ । चौकी कनकबीरा पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम कपरतुंगा बैरियर के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 25 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 5 हजार रुपये है, बरामद कर जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त को चौकी कनकबीरा की टीम पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम छीछपानी और भालूपानी जंगल की ओर से दो व्यक्ति कच्ची महुआ शराब लेकर बिक्री के लिए आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कपरतुंगा बैरियर के पास घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा।

तलाशी के दौरान एक प्लास्टिक बोरी में रखी दो पॉलिथीन से 10 लीटर और 15 लीटर, कुल 25 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब को गवाहों के समक्ष जब्त कर आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2), 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आनंद कुमार साहू (32), निवासी टीटहीपाली और सुरेश सारथी (56), निवासी कपरतुंगा के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को 18 अगस्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र कुमार पटेल और एसडीओपी गोविन्द सिंह दीवान के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी टीकाराम खटकर के नेतृत्व में की गई।

कार्रवाई में प्रधान आरक्षक हीराधर नाग सहित आरक्षक कुंजबिहारी निराला, पोशेंद्र कुर्रे, जगजीवन खूंटे, जीतराम यादव और चौकी कनकबीरा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।