पति के कैंसर की वजह से तुलसी गबार्ड का इस्तीफा: 18 खुफिया एजेंसियों की हिंदू चीफ का बड़ा फैसला, भावुक हुए डोनाल्ड ट्रंप

Follow Us

वॉशिंगटन। अमेरिका की ‘डायरेक्टर ऑफ नेशनल इंटेलिजेंस’ (DNI) और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कोर टीम की सबसे भरोसेमंद हिंदू अधिकारी तुलसी गबार्ड ने अपने पद से अचानक इस्तीफा दे दिया है। 18 अमेरिकी सीक्रेट खुफिया एजेंसियों का नेतृत्व करने वाली तुलसी ने शुक्रवार को ओवल ऑफिस में राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात के दौरान अपना इस्तीफा सौंपा। उनका आखिरी कार्य दिवस 30 जून 2026 होगा। इस बड़े फैसले के बाद भी राष्ट्रपति ट्रंप ने देश के लिए दी गई उनकी सेवाओं की जमकर तारीफ की है।

तुलसी गबार्ड के इस भावुक और चौंकाने वाले फैसले की मुख्य वजह उनके पति अब्राहम विलियम्स की सेहत है। अब्राहम इस समय बोन कैंसर (हड्डियों के कैंसर) के एक बेहद दुर्लभ और गंभीर प्रकार से जूझ रहे हैं। राष्ट्रपति ट्रंप को लिखे अपने पत्र में तुलसी ने बेहद भावुक संदेश देते हुए लिखा कि उनके पति पिछले 11 वर्षों की शादी में हर मोड़ पर उनके सबसे बड़े सहारे रहे हैं, चाहे वह पूर्वी अफ्रीका में सैन्य मिशन पर तैनाती का समय हो या राजनीतिक अभियान। ऐसे कठिन समय में वे अपने पति को अकेले नहीं छोड़ सकतीं और उन्हें इस बेहद जिम्मेदारी वाले पद से हटकर अपने जीवनसाथी के साथ खड़ा होना होगा।

अमेरिकी समोआ में जन्मी और पहली हिंदू महिला सांसद के रूप में इतिहास रचने वाली तुलसी गबार्ड को ट्रंप ने 13 फरवरी 2025 को इस शीर्ष पद पर नियुक्त किया था। इराक युद्ध में सेवाएं दे चुकीं तुलसी पहले डेमोक्रेटिक पार्टी में थीं, लेकिन साल 2022 में पार्टी छोड़कर वे रिपब्लिकन में शामिल हो गई थीं। उनके इस ऐतिहासिक डेढ़ साल के कार्यकाल की विदाई से अमेरिकी प्रशासन में एक बड़ा खालीपन आ गया है।