कैलिफोर्निया में महा-संकट: जहरीली गैस रिसाव से मचा कोहराम, 5 शहरों के 44 हजार लोग घर छोड़ने पर मजबूर, ब्लास्ट का अलर्ट

Follow Us

कैलिफोर्निया। अमेरिका के दक्षिणी कैलिफोर्निया में एक बेहद खतरनाक रासायनिक रिसाव (केमिकल लीक) के कारण हड़कंप मच गया है। ऑरेंज काउंटी स्थित ‘जीकेएन एयरोस्पेस’ फैसिलिटी में एक बड़े टैंक से जहरीले और अत्यधिक ज्वलनशील केमिकल का रिसाव शुरू हो गया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने युद्ध स्तर पर कार्रवाई करते हुए गार्डन ग्रोव, साइप्रस, स्टैंटन, अनाहेम, बुएना पार्क और वेस्टमिंस्टर जैसे शहरों से 44,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि स्थिति पल-पल और बदतर होती जा रही है।

इस संकट की मुख्य वजह टैंक में मौजूद लगभग 7,000 गैलन मिथाइल मेथैक्रिलेट केमिकल है, जिसका इस्तेमाल प्लास्टिक उत्पादन और विमानों के पुर्जे बनाने में होता है। ऑरेंज काउंटी फायर अथॉरिटी के प्रमुख क्रेग कोवे ने इसे अपने 32 साल के करियर की सबसे खतरनाक घटना बताते हुए कहा है कि इस तबाही को रोकने के सारे शुरुआती प्रयास फिलहाल विफल साबित हुए हैं। एयरोस्पेस फैसिलिटी में मौजूद तीन टैंकों में से एक का कूलिंग सिस्टम पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे खतरा दोगुना हो गया है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, अब इस आपदा से निपटने के केवल दो ही रास्ते बचे हैं। पहला यह कि टैंक पूरी तरह टूट जाए और हजारों गैलन खतरनाक केमिकल आसपास के पूरे इलाके में फैल जाए। दूसरा और सबसे भयानक विकल्प यह है कि टैंक के भीतर अत्यधिक गर्मी बढ़ने के कारण उसमें एक भीषण धमाका (ब्लास्ट) हो जाए, जो पास में मौजूद अन्य केमिकल टैंकों को भी अपनी चपेट में ले लेगा। फिलहाल राहत और बचाव दल लगातार लीकेज पर काबू पाने की कोशिशों में जुटे हैं, लेकिन खतरा अब भी जस का तस बना हुआ है।