मुंबई। अमेजन प्राइम वीडियो ने अपनी आगामी इन्वेस्टिगेटिव थ्रिलर फिल्म ‘बबीता सिंह रिपोर्टिंग’ का आधिकारिक ट्रेलर जारी कर दिया है। फिल्म में बरुन सोबती, निमिषा सजयन और अंशुमान पुष्कर मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन अंबिएका पंडित ने किया है, जबकि कहानी अमिता व्यास ने लिखी है। ट्रेलर की शुरुआत निलंबित महिला पुलिसकर्मी बबीता सिंह उर्फ बेबी से होती है, जिसे अपने बचपन के दोस्त बंसी की रहस्यमयी हत्या की जानकारी मिलती है। इसके बाद वह इस मामले की सच्चाई सामने लाने की कोशिश में जुट जाती है।
‘वाइब’ का टीजर रिलीज, कुणाल खेमू और स्पर्श श्रीवास्तव की जोड़ी मचाएगी धमाल
हत्या की जांच के दौरान बबीता का सामना कई चौंकाने वाले रहस्यों और उलझे हुए रिश्तों से होता है। कहानी आगे बढ़ने के साथ व्यक्तिगत संघर्ष, पारिवारिक रिश्ते, सस्पेंस और थ्रिल एक-दूसरे से जुड़ते नजर आते हैं। फिल्म केवल एक हत्या की जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि बबीता की निजी जिंदगी और खुद को समझने की उसकी यात्रा को भी सामने लाती है। ट्रेलर में उनके किरदार के भावनात्मक संघर्ष और जिंदगी में लिए गए फैसलों की झलक देखने को मिलती है।
‘बबीता सिंह रिपोर्टिंग’ का निर्माण स्क्वाड प्रोडक्शंस के बैनर तले सौरभ मल्होत्रा, मनुज मित्रा और टीना थारवानी ने किया है। फिल्म 28 अगस्त 2026 को प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी।
