मानसून का रौद्र रूप: दिल्ली, यूपी, गुजरात समेत पूरे देश में अगले 7 दिन मूसलाधार बारिश का ‘रेड अलर्ट’

Follow Us

नई दिल्ली। भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए मौसम विभाग (IMD) ने बड़ी चेतावनी जारी की है। मध्य प्रदेश और विदर्भ के ऊपर बने गहरे दबाव (अवदाब) के चलते मानसून अब अपने सबसे खतरनाक रूप में आ चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों तक उत्तर भारत से लेकर दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों तक पूरे देश में भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली कड़कने का दौर जारी रहेगा।

उत्तर भारत के मैदानी इलाकों दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और यूपी में 6 अगस्त तक झमाझम बारिश की संभावना है, जबकि हिमाचल और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और आंधी का खतरा मंडरा रहा है। सबसे ज्यादा असर गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य भारत में देखने को मिलेगा, जहाँ 1 और 2 अगस्त को अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के राज्यों (असम, मेघालय) में लगातार बारिश से निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। दक्षिण भारत के तटीय इलाकों केरल और कर्नाटक में भी समुद्र में ऊंची लहरें उठने और मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने यात्रियों और आम जनता को आने वाले एक हफ्ते तक सतर्क रहने की सलाह दी है।