अहमदाबाद। गुजरात के जूनागढ़ जिले में एक भीषण सड़क दुर्घटना ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। मजेवड़ी गांव के पास फोर-लेन हाईवे पर तेज रफ्तार अर्टिगा कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, बनासकांठा जिले का एक परिवार सोमनाथ में अस्थि विसर्जन के लिए जा रहा था। इसी दौरान कार चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन हाईवे पर खराब हालत में खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस व 108 एंबुलेंस को सूचना दी। रेस्क्यू टीम ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। दुर्घटना के बीच कार में मौजूद एक बच्चा सुरक्षित बच गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
