चोरी के वाहनों पर ट्रैफिक पुलिस का बड़ा एक्शन: 9 बाइक बरामद, 22 जवानों को मिला सम्मान

Follow Us

रायपुर। शहर की यातायात व्यवस्था संभालने के साथ-साथ अपराध नियंत्रण में भी रायपुर यातायात पुलिस अहम भूमिका निभा रही है। संदिग्ध वाहनों की जांच और सतर्क निगरानी के चलते पुलिस ने एक महीने में चोरी के 9 वाहनों को बरामद करने में सफलता हासिल की है। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने यातायात पुलिस के 22 अधिकारी और कर्मचारियों को नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मान समारोह में अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले ने जवानों का उत्साह बढ़ाते हुए उनकी सतर्कता और मेहनत की सराहना की।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, चेकिंग अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट, बदली हुई नंबर प्लेट और संदिग्ध वाहनों की विशेष जांच की गई। तकनीकी माध्यमों और डिजिटल सत्यापन की मदद से कई चोरी के वाहनों का पता लगाया गया। बरामद किए गए वाहनों को संबंधित थाना पुलिस को आगे की कार्रवाई के लिए सौंपा गया। इसके अलावा यातायात पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखते हुए हथियार लेकर घूम रहे तीन लोगों को पकड़ा और उन्हें संबंधित थानों के हवाले किया।

इन मामलों में बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को भी सम्मानित किया गया। पुलिस उपायुक्त यातायात डॉ. अर्चना झा ने बताया कि आधुनिक तकनीक, बेहतर टीमवर्क और लगातार निगरानी से यातायात पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि, पुलिस अब केवल ट्रैफिक नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि अपराध रोकने और शहर की सुरक्षा मजबूत करने में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है।