राष्ट्रीय एरोबिक्स चैंपियनशिप में DWPS भाटापारा का परचम

Follow Us

o अश्मि विष्णोई ने जीता कांस्य पदक, नन्ही तक्ष्वी पोपट ने राष्ट्रीय फाइनल में बनाई जगह; छत्तीसगढ़ से एकमात्र सहभागी विद्यालय बना DWPS

बलौदा बाज़ार-भाटापारा। प्रतिभा, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भाटापारा की दो होनहार छात्राओं ने सीबीएसई राष्ट्रीय एरोबिक्स चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय सहित पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है।

महाराष्ट्र के पुणे स्थित एसएनबीपी इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में विद्यालय की हेड गर्ल अश्मि विष्णोई ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (Bronze Medal) अर्जित किया। वहीं कक्षा तीसरी की नन्ही प्रतिभा तक्ष्वी पोपट ने अंडर-11 वर्ग में देश के 25 विभिन्न राज्यों के प्रतिभागियों के बीच अपने प्रथम राष्ट्रीय प्रयास में ही फाइनल तक पहुँचकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। इतनी कम आयु में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाना उनकी प्रतिभा, आत्मविश्वास और खेल के प्रति समर्पण का परिचायक है।

भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट में शामिल हुए सीएम साय, बोले- ऊर्जा क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की अहम भूमिका

छत्तीसगढ़ के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि:
उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता में दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भाटापारा छत्तीसगढ़ का एकमात्र सहभागी विद्यालय रहा। विद्यालय के खिलाड़ियों ने अंडर-14 एवं अंडर-17 वर्गों में भी सहभागिता कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

राष्ट्रीय खिलाड़ियों का भव्य अभिनंदन:
प्रतियोगिता से लौटने पर विद्यालय परिसर में खिलाड़ियों के सम्मान में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। पारंपरिक ढोल वादन, शानदार मार्च पास्ट और आकर्षक ऑर्केस्ट्रा प्रस्तुति के साथ राष्ट्रीय खिलाड़ियों का अभिनंदन किया गया। अभिभावकों की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित सम्मान समारोह में प्रतियोगिता के सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को उनकी सराहनीय उपलब्धियों के लिए ट्रॉफियाँ प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री साय का कांग्रेस पर हमला, बोले- मुद्दाविहीन हो चुकी है पार्टी

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंधक अश्विनी शर्मा एवं संदीप गोयल ने दोनों छात्राओं सहित सभी प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई दी। प्रधानाचार्य डॉ. योगेश पोपट एवं समस्त शिक्षकगण ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में आत्मानुशासन, नेतृत्व क्षमता, संघर्षशीलता और सामूहिक भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है।

विद्यालय सदैव विद्यार्थियों की बहुआयामी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। अश्मि और तक्ष्वी की यह उपलब्धि न केवल विद्यालय के लिए गौरव का विषय है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। यह सफलता संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, निरंतर अभ्यास और अथक परिश्रम से सफलता की नई ऊँचाइयाँ प्राप्त की जा सकती हैं।

प्रतिभा को पहचान, परिश्रम को सम्मान और सपनों को नई उड़ान!