त्योहारी सीजन में ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने यातायात पुलिस का अभियान तेज, नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई

Follow Us

दुर्ग । त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ती भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए दुर्ग-भिलाई में यातायात पुलिस ने नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। पुलिस द्वारा प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर लगातार पेट्रोलिंग कर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की जा रही है।पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत दुर्ग शहर के स्टेशन रोड, इंदिरा मार्केट, सराफा मार्केट और समृद्धि मार्केट में विशेष निगरानी रखी जा रही है। वहीं भिलाई क्षेत्र के नेहरू नगर से सूर्या मॉल रोड, सुपेला संडे मार्केट, पावर हाउस मार्केट और सिविक सेंटर में भी कार्रवाई की जा रही है।अभियान के दौरान नो-पार्किंग में खड़े दोपहिया वाहनों को क्रेन के माध्यम से हटाकर यातायात कार्यालय भेजा जा रहा है। वहीं नो-पार्किंग में खड़े चारपहिया वाहनों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत ई-चालान जारी किए जा रहे हैं। इसके अलावा दुकानदारों को सड़क पर सामान नहीं रखने और आवागमन बाधित नहीं करने की समझाइश दी जा रही है।

यातायात पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि बाजारों और प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति रोकना तथा पैदल राहगीरों एवं वाहन चालकों के लिए सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना है। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। दुकानों के सामने, मुख्य मार्गों और नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़ा कर यातायात बाधित न करें। बाजार आने वाले लोग उपलब्ध पार्किंग व्यवस्था का उपयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।