महासमुंद। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा शामिल हुए। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवी चंद राठी, रमेश साहू, महेंद्र सिक्का, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा आनंद, आदिवासी विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय समाज के साथ-साथ पूरे देश के गौरव हैं। उन्होंने बहुत कम उम्र में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए देश की स्वतंत्रता और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका साहस, संघर्ष, त्याग और बलिदान आज भी सभी को प्रेरणा देता है। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा, स्वाभिमान और अधिकारों के संरक्षण के लिए ऐतिहासिक भूमिका निभाई। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान और पहचान दिलाई जा रही है। जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराएं और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता हमारी राष्ट्रीय विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, जिन्हें संरक्षित कर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना जरूरी है।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस, सामाजिक चेतना और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने जनजातीय समाज को अपने अधिकारों, संस्कृति और परंपराओं के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जीवन अन्याय और शोषण के विरुद्ध आवाज उठाने तथा समाज और राष्ट्र के हित में कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की विशिष्ट पहचान, रीति-रिवाज, लोककला, भाषा और परंपराओं का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को मिलकर काम करना चाहिए। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आजीविका के अवसरों का विस्तार भी जरूरी है, ताकि जनजातीय समाज का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
राज्य शासन के निर्णयानुसार भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को प्रतिवर्ष जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाती है। इसी क्रम में महासमुंद जिले में 16 से 18 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला प्रशासन द्वारा 16 नवंबर को अंबेडकर मंगल भवन, खैरा में सुबह 11 बजे से जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ जनजातीय समाज के प्रतिनिधि, समाज के सदस्य एवं आम नागरिक शामिल होंगे। जनजातीय गौरव दिवस का उद्देश्य महान स्वतंत्रता सेनानियों, वीर नायकों और महापुरुषों के योगदान को याद करने के साथ जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत के प्रति सम्मान एवं जागरूकता बढ़ाना है। यह दिवस जनजातीय समाज के ऐतिहासिक संघर्ष और स्वतंत्रता संग्राम में उनके अमूल्य योगदान को सम्मान देने का अवसर है।
