नेपाल से भारत लाई जा रहीं तीन नाबालिग लड़कियां बरामद, युवक गिरफ्तार

Follow Us

मोतिहारी। बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के कुण्डवाचैनपुर थाना क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नेपाल से भारत लाई जा रहीं तीन नाबालिग नेपाली लड़कियों को बरामद कर एक युवक को पकड़ा गया है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में तीनों नाबालिगों ने बताया कि वे अपने परिवार को बिना बताए भारत आ रही थीं। पुलिस को आशंका है कि उन्हें प्रलोभन देकर शोषण के उद्देश्य से भारत लाया जा रहा था।

हालांकि, मामले की वास्तविकता और आरोपित युवक की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। तीनों की उम्र क्रमशः 15, 16 और 17 वर्ष बताई गयी है और वे नेपाल के मकवानपुर जिले की रहने वाली हैं। सूत्रों ने बताया कि पकड़े गये युवक की पहचान पूर्वी चंपारण के ढाका थाना क्षेत्र के हारूनी गांव निवासी सलाउद्दीन अंसारी के रूप में हुई है।

पुलिस ने एक इलेक्ट्रिक स्कूटी, पांच मोबाइल फोन, एक पत्र, एक युवक का आधार कार्ड और पैन कार्ड के अलावा 510 नेपाली रुपये तथा 520 भारतीय रुपये बरामद किये हैं। पुलिस के अनुसार, तीनों नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित संरक्षण में रखते हुए बालिका सुधार गृह, बेतिया भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।