बाघ की खाल का सौदा करने पहुंचे तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, पैंगोलिन के शेल और हथियार बरामद

Follow Us

सूरजपुर। वन विभाग ने वाइल्ड क्राइम ब्यूरो की सूचना पर संयुक्त कार्रवाई करते हुए बाघ की खाल की तस्करी में शामिल तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बाघ की खाल, दुर्लभ पैंगोलिन के शेल तथा शिकार में इस्तेमाल होने वाले हथियार बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, वन विभाग को सूचना मिली थी कि इलाके में बाघ की खाल और वन्यजीवों के अंगों का सौदा होने वाला है। इसके बाद दो विशेष टीमों का गठन किया गया। योजना के तहत टीम के कुछ सदस्य खरीदार बनकर तस्करों के संपर्क में पहुंचे। जैसे ही सौदा तय हुआ और आरोपी कथित तौर पर बाघ की खाल लेकर पहुंचे, वन विभाग ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।

अधिकारियों के मुताबिक, बरामद बाघ की खाल करीब पांच से छह महीने पुरानी है और इसे ऊंची कीमत पर बेचने की तैयारी थी। प्रारंभिक जांच में वन्यजीव तस्करी के बड़े नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई गई है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि बाघ का शिकार कहां हुआ, खाल किन रास्तों से सूरजपुर पहुंची और इसे किसे बेचा जाना था। साथ ही तस्करों के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

वन विभाग ने बताया कि मध्य प्रदेश वाइल्ड क्राइम ब्यूरो और स्थानीय वन विभाग के संयुक्त अभियान में यह सफलता मिली है। विभाग ने स्पष्ट किया कि बाघ और पैंगोलिन संरक्षित वन्यजीव हैं तथा इनके शिकार, अंगों की खरीद-फरोख्त और तस्करी के मामलों में वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।