मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को शुरुआती सुस्ती के बाद मामूली बढ़त देखने को मिली। सेंसेक्स करीब 50 अंकों (0.06%) की तेजी के साथ 76,050 के स्तर पर कारोबार करता दिखा, वहीं निफ्टी भी 20 अंक (0.09%) चढ़कर 23,930 के स्तर पर पहुंच गया। आज के कारोबार में सबसे ज्यादा चमक मेटल सेक्टर के शेयरों में देखी जा रही है, जहाँ निवेशक जमकर खरीदारी कर रहे हैं।
एशियाई बाजारों में आज मिला-जुला रुख रहा। दक्षिण कोरिया का ‘कोस्पी’ इंडेक्स 377 अंकों (4.79%) की भारी तेजी के साथ 8,433 पर बंद हुआ, जबकि जापान का ‘निक्केई’ भी 821 अंक सुधरकर बंद हुआ। इसके उलट हॉन्गकॉन्ग के ‘हैंगसेंग’ में गिरावट दर्ज की गई। अमेरिकी बाजारों की बात करें तो पिछले सत्र में डाउ जोन्स गिरावट के साथ बंद हुआ, जबकि आईटी शेयरों में दम दिखने से नैस्डैक 1.19% की बढ़त बनाने में कामयाब रहा।

भारतीय बाजार में विदेशी और घरेलू निवेशकों के बीच खींचतान जारी है। पिछले कारोबारी सत्र में विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने बाजार से ₹2,408 करोड़ की बिकवाली की। गौरतलब है कि पिछले 30 दिनों में विदेशी निवेशक करीब ₹46,435 करोड़ निकाल चुके हैं। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने बाजार को गिरने से बचा लिया। DII ने कल ₹1,362 करोड़ के शेयर खरीदे और पिछले 30 दिनों में इनकी कुल खरीदारी ₹69,545 करोड़ तक पहुंच चुकी है। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, घरेलू निवेशकों का यही भरोसा मार्केट को स्थिरता दे रहा है।
