मोबाइल शोरूम से 1.89 करोड़ की चोरी, 173 आईफोन ले उड़े चोर,डीवीआर भी साथ ले गए

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए मरीन ड्राइव के सामने स्थित आईनेक्स्ट मोबाइल स्टोर से करीब 1 करोड़ 89 लाख रुपये के मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान पार कर दिए। चोरी किए गए सामान में 173 आईफोन शामिल हैं। इसके अलावा चोर स्मार्ट वॉच, हेडफोन और दुकान का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक ऋषभ डागा 31 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे स्टोर बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 8:30 बजे मैनेजर स्वप्नशील सोनी ने उन्हें फोन कर दुकान में चोरी होने की जानकारी दी। मैनेजर ने बताया कि दुकान का शटर बीच से मुड़ा हुआ था। बाहर दोनों ताले लगे हुए थे, लेकिन अंदर अलमारियां और दराज खुली हुई थीं।

सूचना मिलने पर संचालक दुकान पहुंचे और जांच की तो मोबाइल सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान गायब मिले। शुरुआती जांच में सामने आया कि अज्ञात चोर शटर को बीच से मोड़कर दुकान के अंदर दाखिल हुए थे।

मुख्यमंत्री साय की अध्यक्षता में होगा समापन समारोह, राज्य अलंकरण से सम्मानित होंगी प्रदेश की प्रतिभाएं

सबसे ज्यादा आईफोन 17 की चोरी
दुकान संचालक की शिकायत के मुताबिक, चोर कुल 173 आईफोन लेकर फरार हुए हैं। इनमें सबसे ज्यादा आईफोन 17 के 132 नग शामिल हैं। चोरी गए मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान की कुल कीमत 1,88,97,942 रुपये बताई गई है।

डीवीआर भी ले गए आरोपी
चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने वाले डीवीआर को भी अपने साथ ले गए। इससे पुलिस की जांच में चुनौती बढ़ सकती है। हालांकि, पुलिस अन्य संभावित साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है। दुकान संचालक ऋषभ डागा की शिकायत पर तेलीबांधा पुलिस ने 1 नवंबर की रात अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (क्चहृस्) की धारा 305 और 331(4) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।