गोदाम में चोरी और विरोध पर हमला, 6 आरोपी गिरफ्तार; चोरी का सामान खरीदने वाला कबाड़ी भी पकड़ा गया

Follow Us

दुर्ग। ग्राम समोदा स्थित गोदाम से करीब 98 हजार रुपए की निर्माण सामग्री चोरी करने के मामले में जेवरा सिरसा चौकी पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को भी पुलिस ने प्रकरण में गिरफ्तार किया है। मामले में तीन विधि से संघर्षरत बालकों की भूमिका भी सामने आई है, जिन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस के मुताबिक, 28 सितंबर की रात ग्राम समोदा नदी रोड स्थित गोदाम में चोरी की घटना हुई थी।

गोदाम संचालक विमल कुमार ताम्रकार को मोबाइल के माध्यम से संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिली, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे। रात करीब 12:25 बजे कुछ लोगों को सामान चोरी करते देखकर उन्होंने उन्हें पकडऩे का प्रयास किया। इस दौरान एक आरोपी ने लोहे के पाइप से उनके बाएं पैर में चोट पहुंचाई और आरोपी चोरी का सामान लेकर फरार हो गए। प्रार्थी की शिकायत पर जेवरा सिरसा चौकी में अपराध क्रमांक 853/2026 के तहत धारा 307, 331(4), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने नामजद आरोपी लोकेश चन्द्राकर और भगवंत देशमुख को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ और अन्य जानकारी के आधार पर पुलिस ने बाकी आरोपियों की पहचान की। जांच के दौरान चोरी की सामग्री कबाड़ी के पास बेचे जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों और चोरी का सामान खरीदने वाले व्यक्ति से मोटर पम्प, कांक्रीट वाइब्रेटर, हाइड्रोलिक जैक, एल्युमिनियम केबल, लोहे का स्क्रैप, पाइप, नट-बोल्ट सहित अन्य सामग्री बरामद की। चोरी के सामान की बिक्री से प्राप्त रकम में से एक हजार रुपए भी जब्त किए गए। पुलिस ने मामले में लोकेश चन्द्राकर, भगवंत देशमुख, ताकेश देशमुख, योगेश निषाद उर्फ बाऊ, पिलेश्वर उर्फ प्रवीण देशमुख और अनुप मिश्रा उर्फ राजू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को जन्मदिन की बधाई दी

तीन विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। मामले के आरोपी वासु निषाद और गिरवर यादव घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। कार्रवाई में जेवरा सिरसा चौकी पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से गोदाम, खेत, निर्माण स्थल और अन्य संपत्तियों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या चोरी की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।