महासमुंद। जिले के बागबाहरा वनपरिक्षेत्र के झिटकी गांव में देर रात एक तेंदुए के घर में घुसने से अफरा-तफरी मच गई। करीब डेढ़ बजे घर में घुसे तेंदुए ने परिवार के छह सदस्यों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायलों में चार पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। इनमें तीन लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना के वक्त घर में करीब 10 सदस्य मौजूद थे।
बताया गया कि परिवार के लोग घर में सो रहे थे। इसी दौरान उत्तरी बाई करीब डेढ़ बजे बाथरूम जाने के लिए बाहर निकलीं, तभी उनका सामना तेंदुए से हो गया। तेंदुए ने उन पर हमला करने के बाद घर के अंदर घुसकर अन्य लोगों को भी निशाना बनाया। हमले में सरजू यादव (60), जनक यादव, मनीष यादव, तुषार यादव, उत्तरी बाई और सुनीता यादव घायल हुए हैं। उत्तरी बाई के चेहरे और गले, सुनीता यादव की आंख और चेहरे तथा मनीष यादव के हाथ-पैर में चोटें आई हैं।
तेंदुए के हमले के बीच परिवार के सदस्यों ने हिम्मत दिखाते हुए उसे किसी तरह एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद सभी घायलों को 112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें महासमुंद मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां से गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने की तैयारी शुरू की गई। उसके रेस्क्यू के लिए रायपुर से विशेष टीम बुलाई गई है। फिलहाल तेंदुआ घर के एक कमरे में बंद है और वन विभाग की टीम उसे सुरक्षित पकड़ने में जुटी है।
