नई दिल्ली। शरीफा, जिसे सीताफल, शुगर एप्पल और आटा के नाम से भी जाना जाता है, स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पोषक तत्वों से भरपूर फल माना जाता है। यह शरीर को ऊर्जा देने और कई स्वास्थ्य लाभ पहुंचाने के लिए जाना जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार शरीफा में विटामिन ए, विटामिन सी, विटामिन बी-6, मैग्नीशियम और पोटेशियम जैसे महत्वपूर्ण पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसके नियमित और संतुलित सेवन से रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है तथा मौसमी बीमारियों से बचाव में मदद मिलती है। शरीफा पाचन तंत्र के लिए भी लाभकारी माना जाता है। यह भोजन को पचाने में सहायता करता है और शरीर को हल्का व ऊर्जावान बनाए रखने में मदद करता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट तत्व शरीर को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में सहायक होते हैं।
हृदय स्वास्थ्य के लिए भी शरीफा को फायदेमंद माना जाता है। इसके पोषक तत्व शरीर के समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में योगदान देते हैं।
बिहार सरकार के वन, जल एवं पर्यावरण विभाग के अनुसार, शरीफा के फल के अलावा इसके बीज और पत्तियां भी उपयोगी होती हैं। बीज और पत्तियों का उपयोग प्राकृतिक कीटनाशक के रूप में किया जा सकता है, जिससे खेती में रासायनिक दवाओं पर निर्भरता कम होती है और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है। शरीफा का पेड़ मध्यम आकार का होता है और इसके फल की बाहरी सतह खुरदरी तथा हरे रंग की होती है। इसके भीतर मौजूद सफेद, मुलायम और मीठा गूदा बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि संतुलित मात्रा में शरीफा का सेवन शरीर को आवश्यक विटामिन और मिनरल्स प्रदान करता है। यह मानसिक और शारीरिक ऊर्जा बढ़ाने में भी मददगार माना जाता है। स्वाद, पोषण और पर्यावरणीय उपयोगिता के कारण शरीफा को प्रकृति का एक अनमोल उपहार माना जाता है।
शरीफा के अनोखे गुण, सेहत और पर्यावरण दोनों के लिए फायदेमंद
