प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बाढ़ प्रभावितों की सुनी पीड़ा, राहत सामग्री बांटकर हर संभव मदद का दिलाया भरोसा

Follow Us

0 आपदा में अपनों के साथ मजबूती से खड़ी है कांग्रेस – दीपक बैज

जगदलपुर । प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज जगदलपुर के बाढ़ प्रभावित प्रवीर वार्ड व विजय वार्ड पहुंचे।जहां उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हुए नुकसान की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री का वितरण किया तथा संकट की इस घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि बस्तर के लोगों पर आई इस आपदा की घड़ी में पूरी कांग्रेस पार्टी मजबूती के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार राहत एवं सेवा कार्यों में जुटे हुए हैं और जरूरतमंद परिवारों तक हरसंभव सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।बाढ़ के कारण अनेक परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। कई लोगों के घरों और दैनिक जीवन पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। ऐसे समय में सरकार की जिम्मेदारी है कि वह प्रभावित परिवारों की स्थिति का गंभीरता से आकलन करे। प्रदेशअध्यक्ष दीपक बैज ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि बाढ़ से हुए नुकसान का शीघ्र सर्वे कराया जाए तथा प्रभावित परिवारों को पर्याप्त मुआवजा एवं आवश्यक राहत उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें इस कठिन परिस्थिति से उबरने में सहायता मिल सके।

इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदु,पूर्व विधायक रेखचंद जैन, बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर के अध्यक्ष सुशील मौर्य, महामंत्री अभिषेक नायडू, प्पार्षद जाहिद हुसैन,गौतम पाणिग्रही सहित कांग्रेस के पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।