छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर थमा, मानसून की वापसी के संकेत; रायपुर में मौसम साफ

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून के लौटने का समय करीब आता दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे में प्रदेश के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन सकती हैं। बीते दिन राज्यभर में मौसम सूखा रहा और कहीं भी खास बारिश रिकॉर्ड नहीं हुई। बारिश कम होने के बाद दिन का पारा बढ़ने लगा है, जिससे दोपहर में गर्मी महसूस हो रही है, जबकि रात के तापमान में गिरावट के कारण हल्की ठंडक बनी हुई है।

राजधानी रायपुर में 2 अक्टूबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। अगले 24 घंटे में भी प्रदेश में मौसम के शुष्क रहने की संभावना है और फिलहाल किसी जिले के लिए कोई विशेष चेतावनी नहीं है। पिछले 24 घंटे में राजनांदगांव 34.5 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक देश के कई हिस्सों में मानसून की वापसी की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भी इसके लौटने के संकेत मिलने लगे हैं।