कबीरधाम। जिले में पुलिसिंग को थाना स्तर तक मजबूत और लोगों के लिए अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से चल रहे ‘एक थाना-एक सप्ताह’ अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव रेंगाखार जंगल थाना पहुंचे। यह अभियान का पांचवां पड़ाव रहा। एसपी ने एक दिन थाना परिसर से अपना कार्यालय संचालित कर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और पुलिसिंग की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने थाना क्षेत्र की स्थानीय परिस्थितियों को समझते हुए अपराध नियंत्रण, नियमित गश्त, संवेदनशील इलाकों में निगरानी और लोगों को समय पर पुलिस सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया। लंबित मामलों और अपराध की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों-कर्मचारियों को नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
अभियान के दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने एसपी से मुलाकात कर स्थानीय समस्याएं साझा कीं। महिलाओं ने सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी के खिलाफ कार्रवाई बढ़ाने और क्षेत्र में नशामुक्ति अभियान चलाने की मांग रखी। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों और सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना स्टाफ से भी बातचीत कर उनकी कार्य संबंधी जरूरतों और स्थानीय चुनौतियों की जानकारी ली तथा अनुशासन, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ काम करने की बात कही। एसपी ने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग के लिए थाना क्षेत्रों में जाकर जमीनी स्थिति समझना और पुलिसकर्मियों व नागरिकों से सीधा संवाद जरूरी है। इससे पहले सहसपुर लोहारा, कुण्डा, पिपरिया और पंडरिया में भी इस पहल के तहत पुलिस अधीक्षक कार्यालय संचालित किया जा चुका है। मौके पर पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रशांत देवांगन, थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद साहू सहित जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
